शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा की माता कमल कांत बत्रा का निधन, सीएम ने जताया शोक
ewn24news choice of himachal 14 Feb,2024 11:46 pm
प्राइमरी स्कूल में शिक्षक थीं वीर सपूत की माता
शिमला। परमवीर चक्र से अलंकृत शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा की माता कमल कांत बत्रा का निधन हो गया है। उनका 77 वर्ष की आयु में बुधवार को जिला कांगड़ा के पालमपुर में निधन हुआ। कमलकांत बत्रा हमीरपुर निर्वाचन क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (AAP) की उम्मीदवार भी थीं। कमल कांत प्राइमरी स्कूल में शिक्षक थीं। उनके पति का नाम जीएल बत्रा है। इन्हें वीर माता के नाम से जाना जाता था।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कमल कांत बत्रा के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार के सदस्यों को इस असहनीय क्षति को सहन करने की प्रार्थना की।
बता दें कि कैप्टन विक्रम बत्रा ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दुश्मनों से लोहा लिया था और इस दौरान वह वीरगति को प्राप्त हो गए थे। कैप्टन विक्रम बत्रा 24 साल की उम्र में 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान पाकिस्तानी सेना से लड़ते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे। मरणोपरांत भारत के सर्वोच्च युद्ध कालीन वीरता पुरस्कार परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया था।ा