शिमला। हिमाचल प्रदेश में प्रचंड गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, तीन दिन के लिए हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 10, 11 और 12 जून को अलग-अलग स्थान पर हीट वेव चलने की संभावना है।
राहत की बात ये है कि 13 और 14 जून को राज्य में अलग-अलग स्थान पर हल्की बारिश होने की संभावना है। 15 और 16 जून को राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। सप्ताह के शेष दिनों में शुष्क मौसम रहने की संभावना है।
अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के कुछ भागों में अधिकतम तापमान में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ताजा अपडेट के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं हुआ है। अधिकांश स्थानों पर सामान्य से दो चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तथा कुछ स्थानों पर यह सामान्य से लगभग सामान्य रहा तथा पूरे राज्य में 8 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं हुआ है अधिकांश स्थानों पर यह सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तथा पूरे राज्य में 26 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। आज सबसे कम न्यूनतम तापमान केलांग में 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं कल सबसे अधिकतम तापमान नेरी में 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।