ऋषि महाजन/फतेहपुर। कांगड़ा जिला के फतेहपुर ब्लॉक की हाड़ा पंचायत में नौ लाख की लागत से प्लास्टिक वेस्ट यूनिट बनकर तैयार हो गई है। इसमें आठ लाख सत्तावन हजार रुपए मशीनरी, दो लाख रुपए यूनिट शेड और एक लाख पचास हजार रुपए बिजली सप्लाई पर खर्च किए गए हैं।
प्लास्टिक वेस्ट यूनिट का उद्घाटन सोमवार को स्थानीय विधायक और योजना बोर्ड के अध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया ने किया। यह यूनिट सब्जी मंडी फतेहपुर के पास स्थापित की गई है।
विधायक भवानी सिंह पठानिया ने बताया कि इस यूनिट से क्षेत्र में प्लास्टिक कचरे की समस्या कम होगी। हर पंचायत में कूड़ादान लगाए गए हैं। इनमें प्लास्टिक युक्त कचरा इकट्ठा किया जाएगा। वेंडर इस कचरे को यूनिट तक पहुंचाएंगे। यहां इसे कच्चे माल में बदला जाएगा और मांग करने वाली कंपनियों को भेजा जाएगा।
वहीं, फतेहपुर विधायक भवानी सिंह पठानिया ने फतेहपुर में पंचायत समिति भवन और हिम ईरा केंद्र का भी शिलान्यास किया। फतेहपुर ब्लॉक कार्यालय में तीस लाख की लागत से पंचायत समिति भवन और पंद्रह लाख की लागत से हिम ईरा केंद्र बनने जा रहा है। सोमवार को विधायक भवानी सिंह पठानिया ने इन दोनों परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने अधिकारियों को समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
विधायक भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि हिम ईरा केंद्र से स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पाद बेचने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। वे एक ही स्थान पर अपने उत्पाद बेच सकेंगे। पंचायत समिति भवन बनने से कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों को बैठकों के लिए स्थान मिलेगा। उन्होंने कहा कि फतेहपुर में विकास की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
इस मौके पर एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती, विकास खंड अधिकारी सुभाष अत्री, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग विमान लूना, सहायक अभियंता अमित रंधावा, अभिलाष स्नोरिया, अमन रिहालिया, सुरजीत कुमार, वीडीसी चेयरमैन निशा शर्मा, वीडीसी तमन्ना धीमान शर्मा, विवेक पधेडिया, जगजीत सिंह जग्गू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।