मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में निजी बस के खाई में गिरने से एक महिला की मौत हुई है। वहीं, सात महिलाओं सहित 9 यात्री घायल हैं। मृतक महिला की पहचान निर्मला देवी (46) पत्नी किशोरी लाल निवासी नौण के रूप में हुई है। हादसा उपमंडल गोहर के तहत आने वाले तुना क्षेत्र के पास हुआ है।
निजी बस वीरवार शाम को जहल से बाढू की ओर जा रही थी। बस में कुल 10 लोग सवार थे। इसमें 8 महिलाएं और दो पुरुष थे। बस चानणी नाला के पास पहुंची ताे अचानक अनियंत्रित हाेकर करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। साथ ही पुलिस को भी सूचित किया। पुलिस थाना गोहर से टीम मौके पर पहुंची।घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की तरफ से मृतक महिला के परिजनों सहित घायलों को फौरी राहत प्रदान की है।
वहीं, मंडी जिला के बाढू-चैलचौक-जहल रूट पर एक निजी बस के खाई में गिरने से एक महिला के निधन और नौ लोगों के घायल होने का समाचार प्राप्त होने पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये ख़बर अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। ज़िला प्रशासन को घायलों को अस्पताल में भर्ती कर सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
प्रार्थना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दु:ख को सहने की शक्ति एवं धैर्य दें।