कांगड़ा। जिला कांगड़ा में एक पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। मामला भ्रांता पंचायत के गांव साई दा लाहड़ का है। पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी की कॉल रिकॉर्डिंग भी बरामद की है जिससे खुलासा हुआ कि दोनों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
मृतक की पहचान प्रवासी मजदूर वेद प्रकाश (43) के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक वेद प्रकाश शराब के नशे में घर लौटा था, जहां पत्नी ने गला दबाकर उसकी हत्या की और फिर चेहरे व गले पर तेजधार चीज से वार किए।
आरोपी महिला राज माला और उसके प्रेमी त्रिलोक कुमार को गिरफ्तार कर पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां उन्हें 5 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वेद प्रकाश निवासी बदायूं, उत्तर प्रदेश परिवार के साथ कई वर्षों से साई दा लाहड़ में किराये के मकान में रह रहा था। उसके परिवार में पत्नी, एक बेटी और एक बेटा है। वह शराब पीने का आदी था।
उसकी पत्नी राज माला का त्रिलोक के साथ प्रेम प्रसंग था, जिसे लेकर दंपती के बीच अक्सर झगड़ा होता था। बीते वीरवार की रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ और महिला ने रात को गला दबाकर पति की हत्या कर दी। पुलिस को प्रारंभिक जांच में पत्नी की गतिविधियां संदिग्ध लगी थीं।
पूछताछ के दौरान बिहार निवासी त्रिलोक कुमार का नाम भी सामने आया था। पुलिस ने सीसीटीवी और पत्नी के फोन कॉल डिटेल को खंगाला तो राज माला व त्रिलोक की कुछ कॉल रिकॉर्डिंग भी सामने आई जिसमें वेद प्रकाश की हत्या को लेकर षड्यंत्र रच रहे थे। इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सारी सच्चाई उगल दी।
डीएसपी पालमपुर लोकेंद्र नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई देवेंद्र की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच जारी है।