कांगड़ा। जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल हुई हैं। इसके अंतर्गत जिला कांगड़ा पुलिस द्वारा दो मामलों में चिट्टा व चरस सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पहले मामले में दिनांक 01 अप्रैल, 2026 को पुलिस थाना धर्मशाला की पुलिस टीम द्वारा नियमित गश्त के दौरान फतेहपुर-सुक्कड़ रोड स्थित त्रिनेत्र देव मंदिर के पास एक व्यक्ति राज कुमार उर्फ गोपी उम्र 42 साल पुत्र बीना राम निवासी गांव चमूंडा देवी, तहसील अमृतसर, जिला अमृतसर (पंजाब) संदिग्ध अवस्था में पाया गया जो पुलिस को देखकर भागने लगा तथा उसने एक नीले रंग का कैरी बैग झाड़ियों में फेंक दिया।
उक्त आरोपी को मौका पर काबू किया गया तथा पुलिस टीम द्वारा उक्त बैग को कब्जे में लेकर जांच की गई, जिसमें से 6.04 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
जिस पर उपरोक्त आरोपी को मौका पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है तथा इस संबंध में उसके खिलाफ पुलिस थाना धर्मशाला में अभियोग संख्या 60/2026 दिनांक 01 अप्रैल, 2026 अन्तर्गत धारा 21 एनडीपीएस एक्ट पंजीकृत किया गया है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्यवाही नियमानुसार प्रगति पर है।
दूसरे मामले में दिनाँक 01 अप्रैल, 2026 को ही पुलिस थाना पालमपुर की टीम गश्त पर थी तो विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि समीर चन्द उर्फ रजू उम्र 40 साल पुत्र स्व ज्ञान चन्द निवासी वार्ड नं 09, चौकी खलेट, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा अपने रिहायशी मकान में चिट्टा/हेरोइन एवं चरस बेचने का अवैध धंधा कर रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने नियमानुसार, त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के घर से 5.84 ग्राम चिट्टा, 5.69 ग्राम चरस/कैनाविस, 95,000 रुपए नकद बरामद करने में सफलता प्राप्त हुई है।
उपरोक्त आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसके खिलाफ पुलिस थाना पालमपुर में अभियोग संख्या 35/26 दिनांक 01.04.2026 अधीन धारा 20, 21 एनडीपीएस एक्ट पंजीकृत किया गया है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्यवाही नियमानुसार प्रगति पर है।
जांच में पाया गया है कि आरोपी समीर चन्द उर्फ रजू एक कुख्यात अपराधी है जिसके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के अन्तर्गत पहले भी दो अभियोग पंजीकृत हैं।
जिला कांगड़ा पुलिस का नशे के विरुद्ध यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। नशे और अन्य अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आमजन से अपील है कि नशे के सौदागरों की सूचना तुरंत पुलिस को दें-आपकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।