हरिपुर। पुलिस जिला देहरा के तहत मां नवदुर्गा मंदिर हरिपुर में चोरी मामले को मंदिर अस्थाई कमेटी ने अपने स्तर पर सुलझा लिया है। मामले के तीनों आरोपी नाबालिग हैं। ऐसे में कमेटी ने उनके भविष्य का भी ख्याल रखा और सबक के तौर पर एक हफ्ते मंदिर परिसर की साफ सफाई, पूजा अर्चना और हनुमान चालीसा का पाठ पढ़ने का आदेश दिया।
बता दें कि हरिपुर स्थित श्री रामचंद्र मंदिर परिसर में मां नवदुर्गा मंदिर में रविवार दोपहर को दानपात्र चोरी का मामला सामने आया था। मंदिर से कुछ दूरी पर ही ताला टूटा दानपात्र मिला था। हरिपुर से गुलेर की तरफ आते जाते पैदल रास्ते पर प्राचीन द्वार के पास एक महिला ने दानपात्र झाड़ियों में पड़ा देखा और लोगों को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। जांच में तीन आरोपियों की पहचान कर ली गई। तीनों नाबालिग निकले। पुलिस ने नाबालिग लड़कों के पास से पैसे बरामद किए।
तीनों आरोपी नाबालिग हैं। ऐसे में उनके भविष्य को देखते हुए मंदिर की अस्थाई कमेटी ने सर्वसम्मति से पुलिस में मामला दर्ज न करवाने का फैसला लिया। साथ ही फैसला लिया कि नाबालिग लड़के सात दिन मंदिर की साफ सफाई करेंगे और पूजा अर्चना करेंगे। साथ ही प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे।
मंदिर की अस्थाई कमेटी सदस्य शिव कुमार ने बताया कि नाबालिग लड़कों के भविष्य को देखते हुए पुलिस में मामला दर्ज न करवाने का निर्णय लिया है। वहीं, तीनों लड़कों को एक हफ्ते तक मंदिर परिसर की साफ सफाई, पूजा अर्चना और हनुमान चालीसा का पाठ करने की सजा दी है।पुलिस जिला देहरा एसपी मयंक चौधरी ने कहा कि मंदिर कमेटी ने नाबालिग लड़कों के भविष्य को देखते हुए किसी प्रकार की पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया। साथ ही अपने स्तर पर मामले को सुलझा लिया।