हरिपुर। कांगड़ा जिला के देहरा विधानसभा क्षेत्र के हरिपुर स्थित मां नवदुर्गा मंदिर में चोरी मामले के तीन आरोपियों की पहचान हो गई है। तीनों नाबालिग हैं।
पुलिस अब नाबालिग लड़कों से पूछताछ करेगी और कैश बरामद किया जाएगा। इसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि हरिपुर स्थित प्राचीन श्री रामचन्द्र मंदिर परिसर में माता नव दुर्गा का भी मंदिर है। रविवार दोपहर को मंदिर में स्थापित दानपात्र को चोर चुराकर ले गए।
मंदिर से कुछ दूरी पर हरिपुर से गुलेर की तरफ आते-जाते पैदल रास्ते पर प्राचीन द्वार के पास एक महिला ने दानपात्र झाड़ियों में पड़ा देखा। महिला ने स्थानीय लोगों को मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला।
पुलिस की जांच में तीन की पहचान हुई।
चोरी दानपात्र श्री राम नवमी के दिन खोला जाता है। फिर इसे बंद कर दिया जाता है और एक साल बाद दोबारा श्री राम नवमी के दिन खोला जाता है। ऐसे में दानपात्र में कितने पैसे थे, इसकी सही जानकारी नहीं है।
एसपी पुलिस जिला देहरा मयंक चौधरी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले में तीन की पहचान कर ली गई है। तीनों नाबालिग हैं। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।