ऋषि महाजन/नूरपुर। कांगड़ा जिला के गंगथ उप तहसील में उत्तर भारत का सबसे बड़े महादंगल की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार महादंगल 2 से 5 जून तक होगा।
वीरवार को श्री क्यालू जी महाराज मंदिर प्रांगण में दंगल कमेटी की बैठक हुई। बैठक में दान पर्ची का शुभारंभ किया गया। पहले ही दिन लोगों ने बढ़-चढ़कर दान दिया। करीब 10 लाख रुपये की राशि और सामग्री एकत्र हुई। इसमें एक ट्रैक्टर, 10 चरोटियां, 25 गागर और एक लाख रुपए नकद शामिल हैं।
कमेटी के प्रधान राजेश भल्ला ने बताया कि महादंगल चार दिन चलेगा। इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती लड़ चुके नामी पहलवान भाग लेंगे। दंगल में करीब एक करोड़ रुपए के इनाम वितरित किए जाएंगे। यह इनाम क्षेत्र के दानी सज्जनों द्वारा दिए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि हिमाचल सहित अन्य राज्यों से लोग क्यालू महाराज के दरबार में माथा टेकते हैं। मन्नत पूरी होने पर कुछ लोग नगद, कुछ गागर, चरोटी और गाड़ियों के रूप में बाबा को भेंट करते हैं। यही इनाम दंगल में जीतने वाले पहलवानों को दिए जाते हैं। पिछले वर्ष इनाम की राशि लगभग एक करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी।
प्रदेश सरकार ने हाल ही में इस महादंगल को जिला स्तर का दर्जा दिया है। अब इसमें सरकारी कार्यक्रम भी होंगे। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत एक दिन महिलाओं का दंगल भी होगा।
इसमें बाहरी राज्यों से महिला पहलवान भाग लेंगी।श्री क्यालू जी महाराज क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र हैं। वर्षों पहले यह दंगल सिर्फ गुड़ की डली से शुरू हुआ था। अब यह उत्तर भारत का सबसे बड़ा महा दंगल बन चुका है।