बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक दिल-दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर मंडी-भराड़ी पुल के पास एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया।
इस खौफनाक वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, वारदात मंडी-भराड़ी पुल के पास की है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि किसी बात को लेकर कुछ लोगों के बीच आपस में तीखी बहस हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने आव देखा न ताव और व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में व्यक्ति के शरीर के विभिन्न हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया।
वारदात के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को नाजुक हालत में नजदीकी अस्पताल (एम्स बिलासपुर) पहुंचाया और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। फिलहाल, चिकित्सकों की कड़ी निगरानी में घायल व्यक्ति का इलाज चल रहा है, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास के दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही, हमलावरों की पहचान करने और उनकी धरपकड़ के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।