Breaking News

  • भाजपा जिला नूरपुर की मासिक बैठक : संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न
  • फतेहपुर से संचालित होंगी हिमाचल की प्रमुख सिंचाई परियोजनाएं : सोमवार से नियमित बैठेंगे ईएनसी
  • हिमाचल में जल जीवन मिशन की रफ्तार थमी : 1227 करोड़ की फंडिंग अटकी, क्या बोले डिप्टी सीएम
  • रक्कड़ सरकारी फार्मेसी कॉलेज ने QCI-NBET रैंकिंग में लहराया परचम
  • HPBOSE DElEd CET-2026 : खेल कोटे के अभ्यर्थियों के लिए दस्तावेज सत्यापन की तिथियां घोषित
  • शिमला : सेल्स एग्जीक्यूटिव और सुपरवाइजर के पदों पर भर्ती, 4 अगस्त को कैंपस इंटरव्यू
  • HPRCA : स्पेशल ऐजूकेटरों की भर्ती परीक्षाओं के परिणाम घोषित, यहां देखें
  • मनाली में हादसा : मनालसू नाले में गिरी गाड़ी, दो युवकों की गई जान-तीन घायल
  • नगर निगम मंडी ऑनलाइन जेनरेट करेगा यह यूजर फीस, सुपरवाइजरों के फोन नंबर भी जारी
  • संघर्ष, समर्पण और स्वर्ण : पिता की यादों के साथ अस्मिता डे ने रचा भारतीय जूडो का नया इतिहास

भाजपा जिला नूरपुर की मासिक बैठक : संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न

ewn24 news choice of himachal 02 Aug,2026 8:55 pm


    जिला अध्यक्ष राजेश काका की अध्यक्षता में हुई बैठक, जिला प्रभारी सुरेश चंदेल रहे मौजूद


    ऋषि महाजन/नूरपुर। भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक जिला नूरपुर की जिला मासिक बैठक एवं संत गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन भाजपा जिला कार्यालय, नूरपुर में जिला अध्यक्ष राजेश काका की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व सांसद, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं संगठनात्मक जिला नूरपुर के प्रभारी श्री सुरेश चंदेल उपस्थित रहे।

    बैठक में नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का, पूर्व विधायिका रीता धीमान, पूर्व प्रत्याशी ज्वाली संजय गुलेरिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य,प्रदेश के मोर्चा प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चों के अध्यक्ष, प्रकोष्ठों के संयोजक, जिला कार्यकारिणी सदस्य तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

    प्रारंभ में संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए जिला एवं मंडल स्तर पर चल रही गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

    संत गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं को कलश वंदन अभियान, संत संपर्क कार्यक्रम, समरसता यात्रा, छात्रावास संपर्क अभियान, सामाजिक समरसता संवाद एवं विभिन्न जनजागरण कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्येक मंडल एवं बूथ स्तर पर इन कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने की जिम्मेदारी भी तय की गई।

    मुख्य अतिथि सुरेश चंदेल ने अपने संबोधन में कहा कि संत गुरु रविदास महाराज का जीवन समाज में समानता, समरसता और सामाजिक सद्भाव का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि हमें उनके विचारों को केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रखना, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाना है।

    उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे संगठन द्वारा निर्धारित अभियानों को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ सफल बनाएं तथा सेवा, संगठन और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ सशक्तिकरण अभियान, जनसंपर्क अभियान तथा सेवा गतिविधियों में सभी कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर भाग लें और संगठन की योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने का कार्य करें।

    बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष श्री राजेश काका ने कहा कि संगठन द्वारा निर्धारित प्रत्येक कार्यक्रम को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संपन्न करना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी जिला एवं मंडल पदाधिकारियों से नियमित प्रवास, बूथ स्तर तक संपर्क, संगठनात्मक विस्तार तथा सेवा गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और अनुशासन पर निर्भर करती है तथा सभी कार्यकर्ता मिलकर आगामी कार्यक्रमों को ऐतिहासिक सफलता दिलाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करें।

    बैठक में संगठन के विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया। अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन की विचारधारा के अनुरूप कार्य करते हुए संत गुरु रविदास महाराज जी के समरसता एवं समानता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने तथा संगठन के प्रत्येक अभियान को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।


Himachal Latest

Live video

Jobs/Career

Trending News

  • Crime

  • Accident

  • Politics

  • Education

  • Exam

  • Weather