मनाली। पर्यटन नगरी मनाली के ओल्ड मनाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना सामने आई है। क्लब हाउस के समीप एक मारुति जिमनी वाहन अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरी खाई में गिरते हुए मनालसू नाले में जा समाया। इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रात करीब एक बजे के आसपास हुई। पास ही स्थित एक होटल के प्रबंधक जयंत तिवारी (निवासी झलोड़ी, अल्मोड़ा) ने खाई में वाहन गिरने की जोरदार आवाज सुनी।
आवाज सुनते ही जब वे घटनास्थल पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि काले रंग की जिमनी (रजिस्ट्रेशन नंबर: HP-26A-0011) सड़क से नीचे नाले में दुर्घटनाग्रस्त पड़ी थी। हादसे की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को दी गई। मौके पर पहुंचे राहत एवं बचाव दल ने सभी सवारों को नाले से बाहर निकाला।
मृतकों में रोहित कुमार (उम्र 32 वर्ष), निवासी झीड़ी (जिला मंडी) और करुण बौद्ध, निवासी बजौरा (जिला कुल्लू) शामिल हैं। वहीं, विवेक, नरेश कुमार और उर्मिला घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वाहन किन परिस्थितियों में अनियंत्रित होकर खाई में गिरा।