ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी मंदिर में एक हादसा हुआ है। यहां पर माता चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन कर लौट रहे पंजाब के एक बुजुर्ग श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।
पंजाब के कपूरथला जिला के सुल्तानपुर लोधी निवासी 74 वर्षीय श्रद्धालु रेवती शर्मा पुत्र राम जी दास माता चिंतपूर्णी के दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद जब वे लक्कड़ बाजार चिंतपूर्णी में थे तो अचानक बेहोश होकर गिर पड़े।
आसपास मौजूद लोगों ने फुर्ती दिखाते हुए उन्हें तुरंत चिंतपूर्णी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया और उनकी जान बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्यवश इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
इस घटना की सूचना मिलते ही चिंतपूर्णी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
ऊना के एसपी अमित यादव ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उनकी मृत्यु के सही कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस मामले में आगामी जांच कर रही है।