चैलचौक। मंडी जिला में चैलचौक-जंजैहली मार्ग पर गुरुवार को एक सड़क हादसा हुआ है। कांडा के पास नवानी मोड़ पर एक टाटा नैनो कार (HP 33E-1463) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में कुल 5 लोग सवार थे, जिनमें 3 युवक और 2 नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। ये सभी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए नागरिक अस्पताल बगस्याड़ पहुंचाया।
वहां डॉक्टरों ने घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर कर दिया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस द्वारा की गई शिनाख्त के अनुसार घायलों की पहचान सिमरन (15), यशिका (15), तरुण (18), हिमांशु (19) और आर्यन राणा (20) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक ये पांचों कार में सवार होकर जंजैहली की तरफ जा रहे थे।
इसी दौरान नवानी मोड़ के पास चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।