ऋषि महाजन/नूरपुर। ट्रैक्टर मालिकों और चालकों के समर्थन में उठी आवाज अब रंग लाती नजर आ रही है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने खुद विधानसभा में वक्तव्य देते हुए साफ किया है कि फिलहाल ट्रैक्टर चालकों के चालान नहीं काटे जाएंगे और इस पूरे मामले पर सरकार जल्द ही एक स्पष्ट और ठोस नीति तैयार करेगी।
इस ऐलान के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। ट्रैक्टर मालिक और चालक इसे अपनी बड़ी जीत मान रहे हैं, जबकि पूर्व मंत्री राकेश पठानिया के समर्थक इसे उनकी मजबूत पैरवी और जनहित की राजनीति का परिणाम बता रहे हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में हुए विशाल प्रदर्शन में 1000 से अधिक ट्रैक्टरों के साथ मालिकों और चालकों ने सड़कों पर उतरकर अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाया था। उस दौरान राकेश पठानिया ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि उनके साथ किसी भी तरह का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और बेवजह चालान नहीं कटने दिए जाएंगे।

वहीं, नूरपुर के विधायक रणबीर सिंह निक्का ने भी विधानसभा में इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया, जिससे यह मामला सरकार के एजेंडे में प्रमुखता से शामिल हुआ।
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद अब ट्रैक्टर यूनियन के सदस्य बड़ी संख्या में राकेश पठानिया के निवास पर पहुंचकर उन्हें बधाइयां दे रहे हैं और आभार जता रहे हैं।
राजनीतिक गलियारों में भी यह चर्चा तेज हो गई है कि जनता की एकजुट आवाज और लगातार दबाव का असर सीधे सरकार के फैसले पर पड़ा है, जिसने आखिरकार ट्रैक्टर चालकों को बड़ी राहत है।