चंबा। पवित्र मणिमहेश यात्रा के लिए पंजाब से निकले दो श्रद्धालुओं की हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में जान चली गई।
पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुनाली और गैहरा के बीच स्थित बैलोगी के समीप बाइक अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर से टकराते हुए करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान ज्योति निवासी पठानकोट (पंजाब) और अनिल कुमार पुत्र हरबंस निवासी पंगोली, पठानकोट के रूप में हुई है। दोनों युवक बाइक (PB-35U-2347) पर सवार होकर मणिमहेश यात्रा के लिए भरमौर की ओर बढ़ रहे थे।
हादसा तीखे मोड़ पर हुआ, जहाँ बाइक क्रैश बैरियर से टकराई। टक्कर के बाद बाइक सड़क किनारे ही अटक गई, जबकि दोनों सवार उछलकर 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरे। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और गैहरा पुलिस चौकी को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रात के अंधेरे और दुर्गम ढलान के बीच कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शवों को खाई से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चंबा अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के घर और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।