मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर स्थित हणोगी टनल (नंबर 12) के अंदर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। टनल के भीतर दो ट्रकों के बीच आमने-सामने इतनी भीषण टक्कर हुई कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हादसा सुबह करीब पौने आठ बजे के आसपास हुआ। पंजाब नंबर और हिमाचल नंबर के ट्रकों के बीच टनल के अंदर जोरदार भिड़ंत होते ही चीख-पुकार मच गई और पूरे टनल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही औट पुलिस स्टेशन की टीम और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (नगवाईं) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आठ घायलों में से दो की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक और जोनल अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया गया है।
हादसे के बाद टनल के अंदर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त ट्रकों को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया और यातायात को सुचारू रूप से शुरू करवाया।
डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के असली कारणों की बारीकी से जांच कर रही है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, ओवरटेकिंग या किसी तकनीकी खराबी की वजह से हुई।