अम्ब। अम्ब-मुबारकपुर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर बुधवार सुबह झंगोली के समीप बेसहारा पशुओं के अचानक सड़क पर आ जाने के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया।
इस दुर्घटना में माता चिंतपूर्णी के दर्शन करने जा रहे दिल्ली के एक ही परिवार के 7 सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक सड़क पर ही पलट गया, जबकि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेतों में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 7 बजे दिल्ली के बदरपुर (मोलरबंद एक्सटैंशन) का एक परिवार कार में सवार होकर माता श्री चिंतपूर्णी जी के दरबार में माथा टेकने जा रहा था। जैसे ही उनकी कार झंगोली के पास पहुंची, अचानक बेसहारा पशुओं का एक झुंड दौड़ता हुआ सड़क पर आ गया।
इन पशुओं को बचाने के चक्कर में मुबारिकपुर की तरफ से तार लेकर जा रहे एक ट्रक और सामने से आ रही कार के चालकों ने अपने वाहनों पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सिविल अस्पताल अम्ब पहुंचाया गया।
सुनील कुमार (52) पुत्र राजपाल
विपिन कुमार (33) पुत्र स्वर्गीय सचेन्द्र सिंह
बृज किशोर (30) पुत्र मेहर सिंह
मोनिका (26) पत्नी बृज किशोर
रक्षिता (4) पुत्री बृज किशोर
जगमोहन (ढाई वर्ष) पुत्र बृज किशोर
आराध्या (2 वर्ष)
इस हादसे में ट्रक चालक राहुल (25), निवासी गांव रियोर (मंडी) की जान बाल-बाल बची और वह पूरी तरह सुरक्षित है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। हालांकि, कार सवारों और ट्रक चालक ने किसी भी तरह की कानूनी या पुलिस कार्रवाई से साफ इंकार कर दिया। दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो जाने के कारण पुलिस द्वारा कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।
अम्ब-मुबारिकपुर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर बेसहारा पशुओं की समस्या लगातार नासूर बनती जा रही है। अचानक सड़क पर पशुओं के आ जाने से पहले भी कई घातक हादसे हो चुके हैं। हाल ही में कलरूही के पास भी बेसहारा पशु से टकराकर एक वैन दुर्घटनाग्रस्त हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। बार-बार हो रहे इन जानलेवा हादसों से आक्रोशित स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।