ऋषि महाजन/नूरपुर। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना फतेहपुर पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई अमल में लाई है।
पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में संलिप्त कुल 09 वाहनों और भारी मशीनरी को जब्त करने में सफलता हासिल की है। इनमें एक पोकलेन उत्खनन (Excavator) मशीन और दो जेसीबी (JCB) भी शामिल हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली बड़ी कार्रवाई रेय पत्तन क्षेत्र में की गई। यहाँ अवैध खनन को अंजाम देते हुए 01 पोकलेन एक्सीवेटर, 01 जेसीबी और 05 मल्टी एक्सल ट्रक रंगे हाथों पकड़े गए।
इस मामले में थाना फतेहपुर में एफआईआर संख्या 72/2026 के तहत सुशील कुमार (निवासी जिला होशियारपुर, पंजाब) एवं अन्य के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने इन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 329(3), 303(2), 190, MMDR Act की धारा 21(1) और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम (Environment Protection Act) की धारा 15 के तहत मामला दर्ज किया है। सभी 07 वाहनों व मशीनों को मौके पर ही इंपाउंड (जब्त) कर लिया गया है।
इसी अभियान के तहत दूसरी कार्रवाई जखाड़ा क्षेत्र में अमल में लाई गई। जब पुलिस टीम इलाके में गश्त पर थी, तो नदी में अवैध रूप से खनन करते हुए 01 जेसीबी और 01 टिप्पर पाए गए।
पुलिस ने दोनों को माइनिंग एक्ट के तहत चालान कर तुरंत इंपाउंड कर लिया। पुलिस प्रशासन के मुताबिक, इन चालानों को आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए माननीय JMFC (न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी), जवाली की अदालत में भेजा जा रहा है।