धर्मशाला। कोतवाली बाजार (गांधी पार्क) से काला पुल होते हुए बाईपास जंक्शन तक सड़क को अस्थायी रूप से बंद रहेगी। जिला दंडाधिकारी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने सड़क निर्माण कार्य को सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संपन्न करवाने के उद्देश्य से कोतवाली बाजार (गांधी पार्क) से काला पुल होते हुए बाईपास जंक्शन तक सड़क को अस्थायी रूप से बंद करने के आदेश जारी किए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि लोक निर्माण विभाग उपमंडल-1, धर्मशाला द्वारा उक्त सड़क पर निर्माण कार्य किए जाने के कारण 25 जून से 27 जून, 2026 तक इस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इस अवधि के दौरान वाहनों का संचालन खड़ा डंडा मार्ग, राष्ट्रीय राजमार्ग-503 (धर्मशाला बाईपास) पर किया जा सकता है।
उन्होंने संबंधित कार्यकारी एजेंसी को निर्माण स्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, संकेतक एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन तथा अन्य आवश्यक आपातकालीन सेवाओं के लिए निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।