शिमला। हिमाचल प्रदेश में 1 जनवरी, 2023 से 31 जुलाई 2025 तक मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायकों, अधिकारियों के विदेश प्रवास पर करीब 21 करोड़ रुपए से अधिक की राशि खर्च की गई है। यह जानकारी हिमाचल विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सुंदरनगर के विधायक राकेश जंवाल और श्री नैना देवी जी के विधायक रणधीर शर्मा के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुहैया करवाई है।
जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, हिमाचल पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष रघुवीर सिंह बाली, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, सचिव सामान्य प्रशासन हिमाचल सरकार भरत खेड़ा, प्रधान सचिव पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन देवेश कुमार, निदेशक पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग मानसी सहाय, प्रबंध निदेशक एचआरटीसी रोहन चंद ठाकुर और प्रधान निजी सचिव एवं विशेष सचिव मुख्यमंत्री विवेक भाटिया निवेशकों को आकर्षित करने के लिए 13 दिसंबर 2023 से 16 दिसंबर तक दुबई, युनाइटेड अरब अमीरात के दौरे पर रहे। इस दौरे पर करीब 11 लाख 73 हजार 303 रुपए व्यय हुए हैं।
हिमाचल पथ परिवहन निगम में विद्युत संचालित बसों का संचालन एवं उनके चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने व ई-टिकटिग मशीनों का संचालन करने के उद्देश्य से ततकालीन प्रबंध निदेशक रोहन चंद ठाकुर 22 जनवरी, 2024 से 25 जनवरी 2024 तक ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रहे।
इस यात्रा पर 14139 हजार रुपए खर्च हुए हैं। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, तत्कालीन सीपीएस ने इंटर अल्पाइन कॉन्फ्रेंस जोकि ऑस्ट्रिया के इनसबर्क संस्थान में आयोजित होती है में भाग लिया था, इच्छुक प्रमोटरों और निर्माताओं के समक्ष निवेश के अवसर रखे गए और पहले ही प्रयास में माता चिंतपूर्णी मंदिर रोपवे के लिए प्रमोटर प्राप्त करने में सफलता प्राप्त हुई।
माता चिंतपूर्णी पैसेंजर रोपवे के लिए नवीनतम और विश्व स्तरीय सुरक्षा मानक रोपवे उपकरण का चयन किया गया था, जिसे वीजीएफ के साथ पीपीपी पर मैसर्स स्की हिमालय लिमिटेड को प्रदान किया गया था। हरित परिवहन और पर्यावरण को बचाने के लिए लक्कड़ बाजार परियोजना में वर्टिकल लिफ्ट को नवीनतम तकनीक वाली लिफ्ट से बदला गया। इस दौरे पर करीब 37 लाख 72 हजार 236 रुपए खर्च हुए।
पौधों के स्वास्थ्य प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 17 से 21 अप्रैल 2023 तक विभिन्न अधिकारियों ने नीदरलैंड का दौरा किया। इस पर करीब 3037003 रुपए व्यय हुए। वहीं, पौधों के स्वास्थ्य प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 8 से 16 मई, 2023 तक मंत्री जगत सिंह नेगी, मोहन लाल ब्राक्टा आदि ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रहे। इस दौरे पर 25 लाख 43 हजार 748 रुपए खर्च हुए। दौरे के मकसद और खर्च से संबंधित अधिक जानकारी हिमाचल प्रदेश विधानसभा की वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।