ऋषि महाजन/नूरपुर। अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर ने इंदौरा, डमटाल और कंडवाल क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुल 16 वाहनों को जब्त किया है।
यह कार्रवाई माइनिंग एक्ट के तहत की गई, जिसमें बिना वैध दस्तावेज खनन सामग्री ढोने और अवैध खनन में संलिप्त वाहनों पर सख्ती दिखाई गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना डमटाल के तहत मीलवां (दौरा) क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 11 ट्रक-डंपर, जो सभी पंजाब पंजीकृत बताए जा रहे हैं, बिना वैध दस्तावेजों के बजरी ले जाते हुए पकड़े गए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों के चालान किए और माइनिंग एक्ट के तहत जब्त कर लिया।
वहीं, डमटाल थाना क्षेत्र के बांई अटरिया और कंदरौड़ी इलाकों में पुलिस टीम ने छापेमारी कर अवैध खनन में लगे 1 टिप्पर, 1 ट्रैक्टर और 1 जेसीबी मशीन को बिना वैध एम-फॉर्म के काम करते हुए पकड़ा। इन सभी वाहनों को मौके पर ही इम्पाउंड कर दिया गया।
इसके अलावा पुलिस चौकी कंडवाल क्षेत्र में भी कार्रवाई जारी रखते हुए अवैध खनन में संलिप्त 2 अन्य वाहनों-एक टिप्पर और एक मल्टी एक्सल ट्रेलर-को माइंस एंड मिनरल्स एक्ट के तहत जब्त किया गया।
इस प्रकार तीनों क्षेत्रों में की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुल 16 वाहनों पर कार्रवाई की गई, जो अवैध खनन पर लगाम लगाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
जिला पुलिस नूरपुर अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है।
नूरपुर पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।