राकेश चंदेल/बिलासपुर। मंडी-भराड़ी चौक पर एक युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में बिलासपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।
इसके साथ ही, घटनास्थल पर ड्यूटी के दौरान लापरवाही और निष्क्रियता बरतने वाले एक हेड कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर उसके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि मंडी-भराड़ी चौक पर कुछ लोगों ने सनी गिल (पुत्र जितेंद्र सिंह, निवासी किला मोहल्ला, लुधियाना) पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत एम्स (AIIMS) बिलासपुर भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इस घटना के संबंध में पुलिस थाना सदर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं [126(2), 115(2), 352, 351(2) और 109] के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित की हैं और सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच के दौरान वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी (HP-23A-7920) के मालिक धीरज धर्माणी (42 वर्ष, निवासी करंगोड़ा, घुमारवीं) को आपराधिक साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, धीरज धर्माणी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पहले भी गंभीर मामले दर्ज हैं -
वर्ष 2013: हत्या के प्रयास (Attempt to murder) समेत विभिन्न धाराओं में मामला।
वर्ष 2024: थाना सदर में एक बार फिर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था।
वारदात के समय मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों द्वारा कोई सख्त कदम न उठाने पर पुलिस प्रशासन ने कड़ा संज्ञान लिया है।
हेड कांस्टेबल (HHC) के खिलाफ प्रथम दृष्टया ड्यूटी में लापरवाही और निष्क्रियता पाए जाने पर तुरंत निलंबित (Suspend) कर विभागीय जांच शुरू की गई है। वहीं, ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड की प्रतिनियुक्ति (Deputation) तुरंत समाप्त कर उसे उसके मूल विभाग में वापस भेज दिया गया है।
मामले की गहन जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का साफ कहना है कि किसी भी दोषी या कानून हाथ में लेने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।