देहरा। कांगड़ा जिला के देहरा क्षेत्र में हादसों का सिलसिला जारी है। अब एचआरटीसी बस और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई है। हादसा नेशनल हाईवे 503 पर निर्माणाधीन सेंट्रल यूनिवर्सिटी के नजदीक हुआ है। दोनों युवक देहरा क्षेत्र के कनोल गांव के निवासी थे। युवकों की उम्र 22-23 वर्ष के बीच बताई जा रही है। बस होशियारपुर से धर्मशाला जा रही थी।
बता दें कि दोनों युवक पल्सर बाइक पर सवार होकर देहरा की ओर आ रहे थे और एचआरटीसी की बस विपरीत दिशा से आ रही थी। निर्माणाधीन सेंट्रल यूनिवर्सिटी के पास बस और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे युवक ने उपचार के दौरान देहरा अस्पताल में दम तोड़ा।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों युवकों के शव कब्जे में ले लिए। बस चालक राकेश कुमार के अनुसार वह एक स्कूल बस को धीमी गति से ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार बाइक आई और सीधे बस से टकरा गई।
गौर हो कि 15 दिन में देहरा क्षेत्र में यह तीसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले खबली दोसड़का में बाइक के पेड़ से टकराने से 17 वर्षीय स्कूली छात्र की मौत हो गई थी। इसके बाद देहरा के हनुमान चौक के पास सोलन से आ रही निजी बस और बाइक टक्कर में एक युवक की जान चली गई थी। देहरा जिला पुलिस ने वाहन चालकों को तेज रफ्तार में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया है।