धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने राज्य मुक्त विद्यालय (SOS) के तहत 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षाओं की पूर्ण विषय, री-अपीयर, श्रेणी सुधार, विशेष अंक सुधार एवं अतिरिक्त विषय की परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि ये परीक्षाएं 17 सितंबर 2026 से प्रदेशभर में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी।
बोर्ड ने विद्यार्थियों को राहत देते हुए 10 जुलाई 2026 को प्रदेश में भारी वर्षा के कारण उत्पन्न परिस्थितियों के चलते परीक्षा से वंचित रहे नियमित आठवीं कक्षा के परीक्षार्थियों को भी परीक्षा में शामिल होने का विशेष अवसर प्रदान किया है। ऐसे विद्यार्थियों की परीक्षाएं भी जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी।
इसके अतिरिक्त, मार्च 2026 में आयोजित दसवीं एवं बारहवीं कक्षाओं की परीक्षा के ऐसे नियमित परीक्षार्थी, जिनका पुनर्मूल्यांकन/पुनर्निरीक्षण के उपरांत परिणाम कम्पार्टमेंट अथवा अनिवार्य सुधार घोषित हुआ है, उन्हें भी बोर्ड द्वारा विशेष परीक्षा का अवसर दिया गया है। इन परीक्षार्थियों की परीक्षाएं भी निर्धारित तिथि-सूची के अनुसार आयोजित की जाएंगी।
बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार सभी लिखित परीक्षाएं प्रातः 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा शुरू होने से पर्याप्त समय पहले अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित करें।
आठवीं कक्षा की परीक्षाएं 17 सितंबर से 24 सितंबर 2026, दसवीं कक्षा की 17 सितंबर से 28 सितंबर 2026 और जमा दो (12वीं) कक्षा की परीक्षाएं 17 सितंबर से 06 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होंगी।
परीक्षाओं की विस्तृत तिथि-सूची (Date Sheet) हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। परीक्षार्थी बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर अपनी कक्षा एवं विषय के अनुसार परीक्षा कार्यक्रम देख सकते हैं।
दसवीं एवं बारहवीं कक्षाओं के विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं लिखित परीक्षाओं के उपरांत 08 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सभी राजकीय एवं मान्यता प्राप्त अध्ययन केंद्रों (Study Centres) में आंतरिक रूप से आयोजित की जाएंगी। संबंधित विषयों के अध्यापक ही प्रायोगिक परीक्षाओं के प्रश्नपत्र तैयार करेंगे।