मंडी। जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह में सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठी में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है।
विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि पहले 31 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई थी और अब नवोदय विद्यालय समिति द्वारा जेएनवीएसटी- 2027 में ऑनलाइन पंजीकरण करने की अन्तिम तिथि 07 अगस्त, 2026 तक बढ़ा दी गई है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए आवेदन नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट https://navodaya.gov.in या https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs पर पंजीकरण किया जा सकता है।
इस प्रवेश परीक्षा के लिए वही विद्यार्थी पात्र होंगे जो सत्र 2026-27 में कक्षा पांचवीं में किसी सरकारी या मान्यता प्राप्त गैर-सरकारी विद्यालय में अध्ययनरत हो। उम्मीदवार मंडी जिले का रहने वाला और जिला मंडी में ही कक्षा पाँच में अध्ययनरत होना चाहिए।
उम्मीदवार की जन्म तिथि 01.05.2015 से 31.07.2017 के बीच होनी चाहिये (दोनों तिथियां सम्मिलित)। उन्होंने सभी अध्यापकों और अभिभावकों से अनुरोध किया है कि वे इस महत्वपूर्ण अवसर की जानकारी पात्र विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों तक पहुंचाएं ताकि वे इसका लाभ ले सकें व समय रहते उम्मीदवार का पंजीकरण कर सकें।
उन्होंने बताया कि परीक्षा से सम्बन्धित ऑनलाइन पंजीकरण की अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 9805319303, 01905-282046 पर किसी भी कार्य दिवस में प्रातः 9:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।