ऋषि महाजन/नूरपुर। कांगड़ा के व्यवसायिक कस्बा जसूर के धमेटा रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर में बीती रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान का ताला तोड़ने के बाद साइड की ओर लगा लकड़ी का फट्टा तोड़कर अंदर दाखिल हुए। घटना का पता दुकान संचालक खेमपाल को सुबह चला।
दुकान संचालक के अनुसार, चोरों ने कैश काउंटर से नकदी चोरी करने के साथ दूसरे काउंटर पर रखा Redmi Note 10 Pro Max मोबाइल फोन भी चुरा लिया। इसके अलावा दुकान में रखी कंप्यूटर की LCD को नुकसान पहुंचाया गया है। काउंटर के आसपास सामान को खंगालने के निशान भी मिले हैं। हालांकि, दुकान में रखी दवाइयों के साथ ज्यादा छेड़छाड़ नहीं की गई।
वारदात की सूचना मिलने पर नूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
जसूर के व्यस्त धमेटा रोड पर मेडिकल स्टोर में हुई चोरी की वारदात से स्थानीय दुकानदारों में चिंता का माहौल है। दुकानदारों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदात को जल्द सुलझाने की मांग की है।