मोहाली/ऊना। मोहाली-कुराली हाईवे पर भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। इस हादसे में हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में ऊना के एक वरिष्ठ अधिवक्ता और एक नवविवाहित जोड़ा शामिल है। इस दुखद खबर के मिलते ही पूरे ऊना क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना खरड़ के समीप भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर टोल प्लाजा के पास (घड़ूंआ थाना क्षेत्र) में हुई। मृतक चंडीगढ़ में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपनी कार (HP 20G 5666) में सवार होकर वापस ऊना लौट रहे थे।
इसी दौरान हाईवे पर उनकी कार के आगे चल रहे एक कंटेनर ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दी। कार की रफ्तार तेज होने के कारण चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और कार सीधे कंटेनर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन में सवार तीनों लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सुरेश ऐरी, निवासी देहलां गांव (ऊना) – ये क्षेत्र के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं जाने-माने समाजसेवी थे।
आदित्य जैन, निवासी मैहतपुर (ऊना) – ये मैहतपुर के स्थानीय व्यापारी थे।
आदित्य जैन की पत्नी।
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। बताया जा रहा है कि व्यवसायी आदित्य जैन और उनकी पत्नी का विवाह महज तीन महीने पहले ही हुआ था।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय घड़ूंआ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। कार की स्थिति इतनी खराब थी कि पुलिस को शवों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है और कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।