विक्रमादित्य बोले- केंद्रीय मदद पर श्वेतपत्र करें जारी, जयराम ठाकुर का भी पलटवार
ewn24news choice of himachal 05 Sep,2023 5:06 am
हिमाचल में आपदा को लेकर सियासत गर्म
शिमला। हिमाचल में आपदा पर विपक्ष एवं सत्ता पक्ष के बीच सियासत शुरू हो गई है। सरकार केंद्र से आई आपदा को लेकर आई राहत को नाकाफी बता रही है, जबकि विपक्ष कह रहा है कि केंद्र हिमाचल की पूरी मदद कर रहा है। आपदा को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमदित्य सिंह आमने सामने आ गए हैं।
पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमदित्य सिंह ने तो हिमाचल में आई आपदा पर केंद्रीय मदद को लेकर नेता प्रतिपक्ष से श्वेत पत्र की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर बार- बार केंद्रीय मदद का राग अलाप रहे हैं। जयराम ठाकुर श्वेत पत्र जारी कर बताएं कि रूटीन मदद के अलावा केंद ने हिमाचल की कितनी मदद की।
उन्हें आपदा में राजनीति टीका टिप्पणी करने के बजाए मुख्यमंत्री के साथ केंद्र से मदद मांगनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भाजपा नेताओं की JCB न लगाने जैसे आरोप न लगाएं, यदि कोई फ्री में सड़कों के लिए JCB लगवाना चाहता है तो बता दें।
विक्रमदित्य सिंह के हमलों पर पलटवार करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री समेत कांग्रेस के सभी मंत्री गपोड़ शंख बन गए हैं। केंद्र से मदद लेकर हिमाचल सरकार के मुख्यमंत्री व मंत्री उन्हीं को गाली दे रहे हैं। कांग्रेस के मंत्री बताएं कि जब केंद्र में UPA सरकार थी, तब आपदा में हिमाचल की कितनी मदद की थी।