शिमला। पंजाब के खरड़ में एचआरटीसी बस तोड़फोड़ मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी है। साथ ही हिमाचल प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने भी इसकी पुष्टि की है। गिरफ्तार आरोपियों में गगनदीप सिंह पुत्र जसबीर सिंह निवासी मुक्तसर साहिब और हरदीप सिंह पुत्र नरेंद्र पाल सिंह निवासी भट्ठा साहिब रोपड़ शामिल हैं। पंजाब पुलिस ने आरोपियों से कार भी बरामद कर ली है।
बता दें कि चंडीगढ़-हमीरपुर चलने वाली एचआरटीसी बस पर 18 मार्च को खरड़ में हमला हुआ था। बस के शीशे तोड़े गए थे। बस मंगलवार शाम 6 बजकर 15 मिनट पर चंडीगढ़ से रवाना हुई थी। खरड़ के पास कुछ अज्ञात लोगों ने डंडों आदि से बस में तोड़फोड़ की। इसमें बस का फ्रंट शीशा और खिड़कियों के शीशे टूट गए थे।
घटना में बस में सवार कोई यात्री घायल नहीं हुआ था। चालक, परिचालक और सभी यात्री सुरक्षित थे। पर चालक, परिचालक और यात्रियों में दहशत का माहौल पैदा हो गया था। एक यात्री ने खरड़ सिटी पुलिस स्टेशन में मामले की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। मामले की जांच के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी है कि खरड़ में एचआरटीसी बस पर हमले के आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं। हिमाचल और पंजाब पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए हमले में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।