सिरमौर : संगड़ाह-रेणुका जी मार्ग पर भूस्खलन, चलती कार पर गिरा मलबा
ewn24news choice of himachal 01 Jun,2023 1:45 am
कार में चार लोग सुरक्षित बाहर निकले
श्री रेणुका जी। सिरमौर जिला के विभिन्न इलाकों में बुधवार सुबह से ही भारी बारिश हो रही है। भारी बारिश के बीच कई जगह पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। संगड़ाह-रेणुका जी मार्ग पर भूस्खलन की चपेट में आने से एक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। गनीमत ये रही है कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह कार वालिया माइन के समीप से गुजर रही थी कि अचानक पहाड़ से मलबा सड़क पर आ गिरी और कार मलबे में दब गई। कार में सवार लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए। बताया जा है कि कार में चार लोग सवार थे, जो एक ही परिवार के हैं। इनमें 2 बच्चे भी शामिल हैं। डीएसपी संगड़ाह मुकेश डढवाल ने घटना की पुष्टि की है।
भूस्खलन के कारण मार्ग भी बंद हो गया था। बताया जा रहा कि उक्त कार में सवार होकर आईटीआई बोगधार में कार्यरत कर्मचारी ईशान अहमद नाहन से ड्यूटी के लिए जा रहे थे।
तेज बारिश के कारण खड्ड में अधिक पानी का बहाव होने के कारण मलबा सड़क पर आ गया। भूस्खलन की जानकारी मिलते ही लोक निर्माण विभाग द्वारा जेसीबी की मदद से कार को निकाला गया और मार्ग बहाल किया गया।