कांगड़ा। हिमाचल के कांगड़ा पुलिस स्टेशन की टीम ने नशीले कैप्सूल मामले में दिल्ली से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के पास मेडिकल शॉप चलाता है।
बता दें कि 07 मार्च 2025 को एनडीपीएस की विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला पुलिस स्टेशन कांगड़ा में दर्ज किया गया था।
इसमें ट्रामाडोल के 2088 कैप्सूल रखने के सिलसिले में योल निवासी 4 युवकों को गिरफ्तार किया गया था। इन चार व्यक्तियों से पूछताछ के दौरान पता चला कि ट्रामाडोल कैप्सूल नई दिल्ली के आदर्श नगर क्षेत्र में एक मेडिकल शॉप से खरीदे गए थे।
एसडीपीओ कांगड़ा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसमें एसएचओ कांगड़ा, अतिरिक्त एसएचओ कांगड़ा और योल पुलिस चौकी के दो पुलिसकर्मी शामिल थे।
दिल्ली में छापेमारी की गई और रोहिणी के प्रशांत विहार क्षेत्र के निवासी 54 वर्षीय रविकांत को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। यह व्यक्ति रवि मेडिकोज नाम से एक मेडिकल शॉप का मालिक है, जो आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन से सिर्फ 300 मीटर की दूरी पर है। ड्रग इंस्पेक्टर ने करीब पांच-छह दिन पहले ही उसकी मेडिकल शॉप का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया था।
इस व्यक्ति के पास ड्रग्स से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। वह पहले भी रोहित (इस मामले में एक आरोपी) से दो बार मिल चुका था। आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया और उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा ने की है।