नीतीश कुमार के बयान पर हिमाचल भाजपा उग्र : डीसी ऑफिस शिमला के बाहर किया प्रदर्शन
ewn24news choice of himachal 09 Nov,2023 10:45 pm
भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने उठाई इस्तीफे की मांग
शिमला। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बयान को लेकर देशभर में बवाल मचा हुआ है। भाजपा जिला शिमला ने आज डीसी ऑफिस के बाहर सीटीओ चौक पर बिहार के सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार के पोस्टर जलाए और उनका इस्तीफा मांगा।
भाजपा प्रदेश सचिव डेजी ठाकुर ने कहा बिहार के मुख्यमंत्री ने संविधान के मंदिर में महिलाओं के लिए जिस प्रकार की निर्लज्ज भाषा का प्रयोग किया है उसकी भाजपा महिला मोर्चा भर्त्सना करती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की भाषा का उपयोग करने वालों को ऐसे प्रतिष्ठित पद पर बैठने का अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि ऐसी सोच रखने वाले महिलाओं के सम्मान में क्या कार्य करेंगे। जनसंख्या नियंत्रण पर जिस प्रकार की भाषा का उन्होंने इस्तेमाल किया है वह भाषा कोई इस्तेमाल नहीं कर सकता।
इससे केवल महिलाएं ही नहीं पूरा भारत वर्ष क्रोधित है। इस प्रकार के व्यक्तियों को किसी भी जगह का प्रतिनिधित्व करने का कोई हक नहीं है।
उनकी क्षमा कबूल नहीं है उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के व्यक्तियों को इस प्रकार के संवेदनशील पद पर रहने का हक नहीं है। डेजी ठाकुर ने कहा कि जो इंडिया गठबंधन के नेता झंडा लेकर घूम रहे हैं।
वर्तमान सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए भांति-भांति का खेल रहे हैं उस गठबंधन के नेता ने विधानसभा के अंदर, जिसमें माता-बहनें मौजूद थीं कोई कल्पना नहीं कर सकता है कि ऐसी भाषा का प्रयोग कर सकते है।
उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं गठबंधन का एक भी नेता माता-बहनों पर दिए गए बयान के खिलाफ एक शब्द बोलने के लिए तैयार नहीं है।