कुल्लू : घरेलू विवाद से तंग आकर सतलुज नदी में कूद गई महिला
ewn24news choice of himachal 14 Sep,2023 3:56 am
झाकड़ी एसजेवीएन प्रोजेक्ट के कर्मचारियों ने बचाई जान
कुल्लू। जिला कुल्लू में झाकड़ी एसजेवीएन प्रोजेक्ट के समीप एक महिला ने सतलुज नदी में छलांग लगा दी। हालांकि, प्रोजेक्ट के कर्मचारियों ने महिला को बचा लिया। महिला का खनेरी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार महिला नदी के समीप गई और नदी में छलांग लगा दी। इस दौरान प्रोजेक्ट के कर्मचारी वहां पर मौजूद थे, जिन्होंने जान पर खेलकर महिला को बचा लिया। महिला को अचेतावस्था में नदी से बाहर निकाला गया।
सीआईएसएफ के जवानों को भी घटना की सूचना दी गई थी लेकिन जब तक जवान महिला को नदी से बाहर निकालने के लिए साजो-सामान लेकर पहुंचे तब तक प्रोजेक्ट कर्मियों ने महिला को नदी से निकाल लिया था।
महिला निरमंड कुल्लू के किदला गांव की रहने वाली बताई जा रही है। घटना के बाद में महिला के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और महिला को अस्पताल ले जाया गया।
कर्मचारियों और जवानों की सूझबूझ से महिला की जान बच पाई। बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद से तंग आकर महिला ने आत्महत्या की मंशा से ऐसा कदम उठाया। एसपी साक्षी वर्मा ने घटना की पुष्टि की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।