ऋषि महाजन/नूरपुर। पुलिस जिला नूरपुर ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को चिट्टे (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सीआईए टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि एक महिला अपने घर से अवैध रूप से नशे का कारोबार चला रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देरी किए स्थानीय गवाहों को साथ लेकर बताए गए स्थान पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने ग्राम एवं डाकघर छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा निवासी परमजीत उर्फ चीखो (41) पत्नी रेशम सिंह के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी महिला के कब्जे से 12.46 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी महिला को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
नूरपुर पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी नशे से संबंधित कोई गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत 112 नंबर पर सूचना दें।