नूरपुर। लाला लाजपत राय जिला एवं मुक्त कारागार धर्मशाला से फरार हुई एक विचाराधीन महिला बंदी को नूरपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मात्र तीन घंटे के भीतर दोबारा सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। जेल स्टाफ और नूरपुर पुलिस के बेहतरीन तालमेल व त्वरित एक्शन के चलते इस बड़ी कामयाबी को अंजाम दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गत दिवस सुबह करीब 09:11 बजे एनडीपीएस (NDPS) मामले की एक विचाराधीन महिला बंदी अरविंदर कौर (निवासी जिला तरनतारन, पंजाब) धर्मशाला जेल की बैरक से अचानक फरार हो गई थी। उक्त महिला के खिलाफ थाना नूरपुर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला (FIR 152/2026) दर्ज है।
जेल से बंदी के फरार होने की सूचना मिलते ही नूरपुर पुलिस तुरंत अलर्ट मोड पर आ गई। पुलिस जिला नूरपुर के निर्देशानुसार क्षेत्र में तुरंत सघन नाकेबंदी की गई और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
तलाश अभियान के दौरान चौगान (नूरपुर) के पास तैनात HASI चमन सिंह ने पूरी मुस्तैदी दिखाई। उन्होंने वहां से गुजर रही एक संदिग्ध टैक्सी को चेकिंग के लिए रुकवाया। टैक्सी की सघन जांच के दौरान गाड़ी में बैठी महिला की पहचान धर्मशाला जेल से फरार बंदी अरविंदर कौर के रूप में हुई।
पुलिस ने बिना वक्त गंवाए उसे मौके पर ही डिटेन कर लिया। इस तरह सुबह 9:11 बजे फरार हुई बंदी को दोपहर 12:00 बजे तक (मात्र 3 घंटे में) सफलतापूर्वक फिर से गिरफ्तार कर लिया गया।
जेल विभाग द्वारा इस त्वरित, प्रभावी और सूझबूझ भरी कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक नूरपुर व उनकी पूरी टीम का विशेष आभार व्यक्त किया गया है। महानिदेशक कारागार अभिषेक त्रिवेदी (IPS) ने इस पूरी कार्रवाई में सराहनीय सतर्कता, मुस्तैदी और उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा दिखाने वाले अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र (Commendation Certificate) देने की घोषणा की है।