कुल्लू। जिला कुल्लू पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना मनीकर्ण एवं पुलिस थाना भुंतर की टीमों ने बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के अंतर्गत दो अभियोग दर्ज कर कुल 211 ग्राम चरस, 11 ग्राम हैश ऑयल व 3 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद करने में कामयाबी पाई है।
प्रथम मामले में आज दिनांक 02.07.2026 को पुलिस थाना मनीकर्ण के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी जरी की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए डुंखरा चौक में एक संदिग्ध व्यक्ति को जांच के लिए रोका। नियमानुसार ली गई तलाशी के दौरान व्यक्ति के कब्जे से 211 ग्राम चरस एवं 11 ग्राम हैश ऑयल बरामद हुआ।
आरोपी की पहचान 25 वर्षीय मानव पाल, पुत्र जितेन्द्र कुमार पाल, निवासी हजरतगंज, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। इस संदर्भ में पुलिस थाना मनीकर्ण में आरोपी के विरुद्ध धारा 20 मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
दूसरे मामले में पुलिस थाना भुंतर की टीम ने गश्त के दौरान गड़सा ब्रिज, बजौरा के नीचे दो व्यक्तियों को संदिग्ध हालत में पाया। संदेह के आधार पर जब उनकी तलाशी ली गई, तो उनके कब्जे से 3 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। इस संदर्भ में दोनों आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना भून्तर में धारा 21 एवं 29, मादक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस द्वारा बरामद मादक पदार्थ के स्रोत (source), इसकी आपूर्ति श्रृंखला (supply chain) तथा इस अवैध तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए गहन जांच की जा रही है। मामले के प्रत्येक पहलू का सूक्ष्मता से विश्लेषण किया जा रहा है ताकि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर इसमें संलिप्त सभी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।