मंडी। सरकाघाट के गोपालपुर क्षेत्र में कॉलेज छात्रा सिया हत्याकांड में पुलिस पूछताछ का सिलसिला जारी है और जांच लगभग निर्णायक चरण में पहुंच गई है। अब तक पुलिस ने 30 से 35 लोगों से गहन पूछताछ की है।
पुलिस का दावा है कि जांच लगभग 70 प्रतिशत पूरी हो चुकी है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। ऐसे में पुलिस को अब आरएफएसएल रिपोर्ट का इंतजार है।
मामले में अब तक 15 लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं, जबकि 30 से 35 लोगों से गहन पूछताछ की गई है। पुलिस का कहना है कि कई अहम सुराग मिले हैं, लेकिन घटना के मूल कारण अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
उधर, आरोपी की पुलिस रिमांड अवधि समाप्त हो गई है। उसे सोमवार को दोबारा सरकाघाट न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस रिमांड बढ़ाने के लिए अदालत से अनुरोध करेगी, जिससे पूछताछ के जरिये मामले के सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके।
गौर हो कि 13 अप्रैल को नैण गांव से कॉलेज जा रही सिया पर घर से कुछ दूरी पर दराट से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।
ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों में साथ लगते नघला नाला के पास से गिरफ्तार कर लिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अब पुलिस को आरएफएसएल रिपोर्ट का इंतजार है।