मनाली। जिला पुलिस कुल्लू द्वारा नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत पुलिस थाना मनाली की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने झाड़ग (अलेऊ) स्थित एक रिहायशी मकान में दबिश दी।
इस छापेमारी के दौरान मकान में किराये पर रह रहे पंजाब के रहने वाले चार लोगों के कब्जे से 26.200 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और ₹20,000/- की भारतीय करेंसी बरामद की गई है।
पकड़े गए आरोपियों में दो पुरुष और दो महिलाएँ शामिल हैं, जो अमृतसर (पंजाब) के रहने वाले हैं।
कुलदीप सिंह उर्फ सूमा (35 वर्ष), पुत्र श्री बलदेव सिंह, निवासी: गांव व डाकघर फतेहपुर राजपूत, तहसील व जिला अमृतसर।
गहनेशाह उर्फ अंश (22 वर्ष), पुत्र श्री हरबंश सिंह, निवासी: गली नंबर 7, मकान नंबर 580, मझीठा, तहसील व जिला अमृतसर।
गहनेशाह की पत्नी (20 वर्ष)।
गहनेशाह की मुंहबोली माता (35 वर्ष), पत्नी लवीश महाजन, निवासी: गांव खजाना गेट, बाबा नन्दलाल बिल्डिंग, डाकघर व तहसील अमृतसर।
पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ पुलिस थाना मनाली में मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS एक्ट) की धारा 21 के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद की गई हेरोइन कहाँ से लाई गई थी, इसकी सप्लाई चेन क्या है और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन से लोग शामिल हैं।
जिला पुलिस कुल्लू ने आम जनता से नशा विरोधी अभियान में सहयोग देने का आग्रह किया है। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी भी व्यक्ति को मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री से जुड़ी कोई भी जानकारी मिले, तो उसे तुरंत पुलिस के साथ साझा करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।