शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बजट भाषण में हिमाचल के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर को 3 फीसदी डीए की किस्त की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि 15 मई 2025 से ये किस्त दे दी जाएगी।
वहीं,उन्होंने इस वित्तीय वर्ष 70 से 75 आयु वर्ग के पेंशनरों का बकाया एरियर देने की भी घोषणी का है। इसकी शुरुआत भी 15 मई 2025 से कर दी जाएगी। इससे पहले 75 वर्ष से ऊपर की आयु के पेंशनरों को भुगतान कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने बजट भाषण में कहा कि आगामी वित्त वर्ष में 25000 पदों पर सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि स्कूल और कॉलेज में एक हजार पद भरे जाएंगे। आयुष चिकित्सा अधिकारियों के 200 पदों सहित होम्योपैथी चिकित्सकों, लैब टेक्नीशियन, स्टाफ नर्स और जेओए आईटी के पद भरे जाएंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि अभी हिमाचल पुलिस कांस्टेबल के 1226 पदों पर भर्ती शुरू है। अगामी वित्त वर्ष में बाकी 1000 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। होमगार्ड के 113 पद भरे जाएंगे।
पंचायती राज विभाग में सीधी भर्ती से पंचायत सचिव के 853 पदों पर भर्ती होगी। 219 पद तकनीकी सहायक के भरे जाएंगे। जल शक्ति विभाग में 4500 से अधिक पदों पर भर्ती होगी। इसमें मल्टी टास्क वर्कर, पंप ऑपरेटर और पैरा फीटर के पद शामिल हैं।