मंडी। एचआरटीसी चालक-परिचालक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इस संबंध में अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा, जिले के सभी एसडीएम तथा एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक वर्चुअल उपस्थित रहे।
बैठक में हड़ताल के दौरान सार्वजनिक परिवहन के सुचारू संचालन, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा लोगों के लिए वैकल्पिक यातायात साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का प्राथमिक उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और आवश्यक सेवाएं निर्बाध रूप से चलती रहें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जो बसें गुरुवार सुबह से विभिन्न रूटों पर संचालित होंगी, उनके संचालन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। हड़ताल पूरी तरह शांतिपूर्ण होनी चाहिए तथा इसका असर आम जनता को मिलने वाली सेवाओं पर नहीं पड़ना चाहिए। इसके लिए सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधकों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं।
गुरसिमर सिंह ने कहा कि वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निजी बसों का शत-प्रतिशत संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। जिन क्षेत्रों में एचआरटीसी की बसें अधिक संख्या में रूटों पर संचालित होती हैं, वहां विशेष निगरानी और अतिरिक्त प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने निजी स्कूल प्रबंधन से भी आग्रह किया कि यदि वे स्वेच्छा से सहयोग करना चाहें तो उनकी बसों का उपयोग भी आम जनता की सुविधा के लिए किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी एसडीएम को अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाकर रखने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी आवश्यक सेवा में व्यवधान न आए। हड़ताल की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी स्तरों पर पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस बल की 24 घंटे बस अड्डों, एचआरटीसी कार्यशालाओं, कार्यालयों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर तैनाती की जाएगी। पुलिस लगातार गश्त करेगी और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर बसों के संचालन के लिए होमगार्ड जवानों की सेवाएं भी ली जाएंगी, ताकि आम जनता को यातायात संबंधी किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
वहीं, हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल के मद्देनज़र डीसी कुल्लू अनुराग चन्द्र शर्मा ने जिला प्रशासन, पुलिस तथा परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। बैठक में पुलिस अधीक्षक मदन लाल कौशल, एसडीएम कुल्लू निशांत ठाकुर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आकांक्षा शर्मा तथा एचआरटीसी कुल्लू के क्षेत्रीय प्रबंधक डीके नारंग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
डीसी ने कहा कि प्रस्तावित हड़ताल के दौरान आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला के सभी प्रमुख बस अड्डों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि मनाली, कुल्लू, भुंतर, बंजार, पतलीकूहल तथा आनी सहित प्रमुख बस अड्डों पर स्थानीय एसडीएम एवं डीएसपी को विशेष रूप से हालात पर नजर रखने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीसी ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को निजी बसों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने तथा किसी भी मार्ग के प्रभावित होने की स्थिति में वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
अनुराग चन्द्र शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता आम जनता को निर्बाध परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाना है तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।