ऋषि महाजन/नूरपुर। कांगड़ा जिला के देहरी कॉलेज के संगीत विभाग के छात्रों ने शैक्षिक भ्रमण के अंतर्गत चंडीगढ़ स्थित टैगोर थिएटर में आयोजित शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय संगीत की विभिन्न बारीकियों को निकट से समझने और अनुभवी कलाकारों को सुनने का अवसर प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध कलाकार पं. रामप्रपन्ना भट्टाचार्य ने सितार वादन प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने राग श्याम कल्याण की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति प्रसिद्ध गायक अविनाश कुमार द्वारा दी गई, जिसमें राग की गहराई और भाव पक्ष को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
विद्यार्थियों ने कार्यक्रम के माध्यम से रागों की संरचना, आलाप, तान तथा प्रस्तुति शैली की महत्वपूर्ण बारीकियां सीखीं। यह अनुभव उनके शैक्षणिक एवं व्यावहारिक ज्ञान को समृद्ध करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ। संगीत विभाग के टीम इंचार्ज प्रो. सनी शर्मा के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने इस शैक्षिक गतिविधि में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभागाध्यक्ष ने बताया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के समग्र विकास हेतु ऐसे शैक्षिक भ्रमण आयोजित किए जाते रहेंगे।