उदयपुर। हिमाचल प्रदेश में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में पांगी–उदयपुर मार्ग पर कडू नाला के पास पहाड़ी दरकने से टाटा सूमो टैक्सी सवार 13 लोगों की जान चली गई है। जान गंवाने वालों में 6 माह का मासूम भी शामिल है। टाटा सूमो में 15 लोग सवार बताए जा रहे हैं।
बता दें कि ये लोग टाटा सूमो में सवार होकर कुल्लू से चंबा जिला के क्षेत्र पांगी के किलाड़ जा रहे थे। उदयपुर-किलाड़ सड़क मार्ग वीरवार को भूस्खलन के कारण बंद था। टाटा सूमो में सवार तांदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को सड़क बहाल होने के बाद लोग पांगी के लिए रवाना हुए।
कडू नाला के पास अचानक पहाड़ी का बहुत बड़ा हिस्सा गिर गया और टाटा सूमो उसकी चपेट में आ गई। टाटा सूमो मलबे में दब गई। हादसे की सूचना मिलते ही तिंदी पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंचे।
भरमौर के विधायक जनक राज ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर कहा कि पांगी–उदयपुर मार्ग पर हुई अत्यंत दुखद सड़क दुर्घटना की खबर ने मन को अत्यंत व्यथित कर दिया है। इस हृदयविदारक हादसे में वाहन में सवार 15 लोगों में से 13 लोगों के असामयिक निधन का समाचार मिला है, जिनमें एक छह माह का मासूम शिशु भी शामिल है। यह अत्यंत पीड़ादायक और असहनीय क्षति है। वहीं, ईश्वर की कृपा से दो लोग सुरक्षित हैं और पूर्णतः स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
मैं इस दुखद घटना में दिवंगत सभी लोगों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं तथा शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
घटना की सूचना मिलते ही मैं चंबा एवं लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के निरंतर संपर्क में हूं और राहत एवं आवश्यक सहायता से संबंधित सभी जानकारियां लगातार प्राप्त कर रहा हूं। हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाया जा रहा है।
मैं क्षेत्र के सभी नागरिकों से आग्रह करता हूं कि पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करते समय अत्यधिक सावधानी एवं एहतियात बरतें। मौसम और सड़क की परिस्थितियों को देखते हुए अनावश्यक जोखिम लेने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करें।