शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष व कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ गई है जिसके चलते उन्हें आईजीएमसी में भर्ती किया गया है।
सोनिया गांधी बीते रविवार को छुट्टियां मनाने शिमला पहुंचीं थीं। वह शिमला से 12 किमी दूर छराबड़ा में वह अपनी बेटी प्रियंका वाड्रा के घर पर रुकी हुई थीं। शनिवार दोपहर को अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई।
इसके बाद उन्हें उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला (इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल) में भर्ती करवाया गया है। चिकित्सकों ने उनका एमआरआई सहित अन्य टेस्ट करवाए हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जो ऊना जिला के दौरे पर थे वह अपना दौरा छोड़ कर वापिस शिमला लौट आए हैं। हेलीकॉप्टर से वह 6:30 बजे अनाडेल हेलीपेड पहुंचेंगे। यहां से सीधे आईजीएमसी जाने का कार्यक्रम है।