शिमला। हिमाचल में बारिश का दौर थम गया है और गर्मी ने अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है। इस गर्मी से अभी कुछ दिन राहत मिलने की उम्मीद भी नहीं है। फिलहाल, प्रदेश के लगभग सभी भागों में 11 जून तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।
हालांकि, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 12 और 13 जून को मध्य व उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, अगले 4-5 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3-4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।
तापमान की बात करें तो ऊना जिला सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, प्रदेश के 11 अन्य स्थानों पर भी अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा।
गौर हो कि इस साल एक से छह जून तक प्रदेश में सामान्य से 75 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है, जिसने शुरुआती दिनों में गर्मी से कुछ राहत प्रदान की थी लेकिन अब बारिश थमने के बाद तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है।