मंडी। ऑटोमोबाइल क्षेत्र में अपना करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए एक बेहतरीन अवसर है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मंडी (ग्रेड-A) में आगामी 20 अगस्त 2026 को श्रीराम पिस्टन्स एंड रिंग्स लिमिटेड के लिए एक दिवसीय पूल कैंपस रिक्रूटमेंट ड्राइव का आयोजन किया जा रहा है।
इस भर्ती प्रक्रिया का संचालन कंपनी के अधिकृत हायरिंग पार्टनर 'अमास स्किल वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड' के माध्यम से एनएपीएस योजना के तहत अप्रेंटिस पदों को भरने के लिए किया जाएगा। इस कैंपस ड्राइव में आईटीआई पास आउट अभ्यर्थियों के साथ-साथ 10वीं और 12वीं पास युवा भी भाग ले सकते हैं।
आईटीआई की फिटर, टर्नर, मशीनिस्ट, वेल्डर, डीजल मैकेनिक, मोटर मैकेनिक व्हीकल, इलेक्ट्रिशियन, आरएसी, फाउंड्री मैन और टूल एंड डाई मेकर जैसी प्रमुख ट्रेडों के अभ्यर्थी इसके लिए पात्र होंगे।
अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा आईटीआई अभ्यर्थियों का पास आउट वर्ष 2017 से 2025 के बीच होना अनिवार्य है। वर्तमान में पढ़ाई कर रहे छात्र और पहले से अप्रेंटिसशिप पूरी कर चुके अभ्यर्थी इसमें भाग नहीं ले सकेंगे।
चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक स्टाइपेंड और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। आईटीआई पास अभ्यर्थियों को प्रथम वर्ष में लगभग 15,500 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा, जो अनुभव और वर्ष के अनुसार बढ़कर 22,397 रुपये प्रतिमाह तक पहुंचेगा।
वहीं 10वीं और 12वीं पास उम्मीदवारों का स्टाइपेंड 15,500 रुपये प्रतिमाह से शुरू होगा। इसके अलावा कंपनी द्वारा निःशुल्क परिवहन, निःशुल्क यूनिफॉर्म एवं जूते, कैंटीन सुविधा तथा भिवाड़ी (राजस्थान) में मात्र 500 रुपये प्रतिमाह के मामूली शुल्क पर आवास की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थियों को 20 अगस्त को सुबह 9:30 बजे से 10:00 बजे के बीच आईटीआई मंडी के प्रांगण में रिपोर्ट करना होगा। सभी उम्मीदवारों को फॉर्मल ड्रेस और जूतों में उपस्थित होना अनिवार्य है।
अपने साथ 10वीं व 12वीं की मार्कशीट, आईटीआई अंकपत्र एवं प्रोविजनल सर्टिफिकेट, पैन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और 8 पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ का एक सेट फोटोकॉपी के साथ जरूर लाएं।
ध्यान रहे कि बैंक खाता आधार से लिंक होना चाहिए और सभी दस्तावेजों में नाम व जन्मतिथि समान होनी चाहिए। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 6200441442 या 9667790571 पर संपर्क किया जा सकता है।