परागपुर। ग्राम पंचायत कलोहा के गांव सरड बम्मी निवासी संजीव सिंह राणा ने भारतीय सेना में सूबेदार मेजर के पद पर पदोन्नत होकर पूरे क्षेत्र का नाम गर्व से ऊंचा किया है।
संजीव सिंह राणा का परिवार वर्षों से देश सेवा से जुड़ा रहा है। उनके पिता हरदेव सिंह राणा भी भारतीय सेना से ऑनरेरी कैप्टन के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। माता कान्ता देवी गृहणी हैं। संजीव के परिवार में उनकी धर्मपत्नी, जो व्यवसाय से संस्कृत अध्यापिका हैं, तथा एक बेटा और एक बेटी हैं।
संजीव के छोटे भाई एवं सरस्वती विद्या मंदिर परागपुर के प्रधानाचार्य दिनेश राणा ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि संजीव का बचपन से ही भारतीय सेना में भर्ती होकर देश की रक्षा करने का सपना था। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, समर्पण और अनुशासन के बल पर इस प्रतिष्ठित पद को प्राप्त कर अपने सपने को साकार किया है।
संजीव सिंह राणा की इस पदोन्नति की खबर मिलते ही गांव सरड बम्मी सहित पूरे कलोहा और परागपुर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और सगे-संबंधियों ने उनके निवास स्थान पर पहुंचकर परिजनों को बधाई दी तथा कहा कि संजीव की यह सफलता पूरे कांगड़ा जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।