ऋषि महाजन/नूरपुर। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले 24 घंटों में विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीमों ने इन्दौरा, रे और नूरपुर के खड्डों व मुख्य मार्गों पर दबिश देकर मशीनरी और वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही अमल में लाई।
इस विशेष अभियान के दौरान कुल 08 चालान किए गए और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को जब्त/चालानित किया गया।
थाना इन्दौरा पुलिस टीम द्वारा इन्दौरा खड्ड क्षेत्र (अरणी यूनिवर्सिटी के समीप) में 03 ट्रैक्टरों के चालान किए गए। इसके अतिरिक्त, तांडा मोड़ से 01 टिप्पर और ब्यास खड्ड से 01 पोकलेन (L&T) मशीन को अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर जब्त कर माननीय अदालत के सुपुर्द (Sent to Court) किया गया।
नूरपुर बाजार क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान *01 ट्रैक्टर* का माइनिंग एक्ट के तहत चालान किया गया। पुलिस चौकी रे मंड रैतपुर क्षेत्र में दबिश के दौरान 01 ट्रैक्टर का माइनिंग एक्ट के तहत चालान काटा गया।
खनन नियमों के साथ-साथ यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसा है। अभियान के दौरान उन ट्रैक्टरों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत चालान जारी किए गए, जो बिना नंबर प्लेट के सड़क पर चल रहे थे।
पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अवैध खनन, ओवरलोडिंग और बिना अनुमति सामग्री के परिवहन को रोकने के लिए यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।