शिमला। हिमाचल प्रदेश में आखिरकार पंचायत चुनाव की घोषणा हो गई है। चुनाव तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई, 2026 को होंगे। निर्वाचन कार्यक्रम की अधिसूचना 29 अप्रैल को जारी होगी।
7, 8 और 11 मई को सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक नामांकन पत्र दाखिल होंगे। नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को सुबह 10 बजे से की जाएगी।
उम्मीदवार 14 और 15 मई को सुबह 10 बजे से शाम तीन बजे तक नाम वापस ले सकते हैं। नामांकन पत्र वापसी के बाद 15 मई को चुनाव चिन्ह बांटे जाएंगे।
मतदान केंद्रों की सूची 7 मई या इससे पहले प्रकाशित होगी। ग्राम पंचायत वोटों की गिनती मतदान समाप्ति के बाद पंचायत मुख्यालय में की जाएगी। पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गिनती 31 मई, 2026 को सुबह 9 बजे से विकास खंड मुख्यालय में की जाएगी।
बता दें कि हिमाचल की 3,754 पंचायतों में चुनाव होंगे। आनी और नग्गर की 2 पंचायतों का कार्यकाल 2027 में पूरा होने के कारण यहां अभी चुनाव नहीं होंगे। पंचायत चुनाव की घोषणा के बाद आदर्श चुनाव आचार संहिता तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है। पंचायत चुनाव में 50 लाख 79 हजार मतदाता मतदान करेंगे।