कांगड़ा। मटौर-शिमला फोरलेन पर बनी नई सुरंग इन दिनों पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां पर कांगड़ा के दौलतपुर से तरसूह को जोड़ने वाली दोनों सुरंगों के छोर आपस में मिलते हैं। इस जगह को आकर्षक बना रही है यहां की कलाकारी।
सुरंग के दोनों छोरों पर बनाई गई भगवान शिव और मां चिंतपूर्णी की पेंटिंग सभी को आकर्षित कर रही है। इस एनएच से गुजरने वाला हर शख्स इस कलाकारी को देखकर ठिठक जाता है।
पर्यटक तो बिना तस्वीर खिंचवाए और वीडियो बनाए यहां से आगे ही नहीं बढ़ पा रहे। यहां पर हर रोज पर्यटकों का मेला सा लग रहा है। इस कलाकारी की हर कोई तारीफ किए बिना नहीं रह पा रहा।
हालांकि, अभी ये सुरंग शुरू नहीं हो पाई है। कांगड़ा के पास तरसूह और सुरंग के बीच बड़े पुल का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ही लोग इस सुरंग में सफर करने का लुत्फ उठा सकेंगे। ये सुरंग शुरू होने के बाद कांगड़ा के लिए लोगों का सफर और कम हो जाएगा।